



शिक्षा सचिव से मिला शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल
शिक्षकों और विद्यालय संचालन से जुड़ी मांगपत्र सौंपा
डीजे न्यूज, रांची: झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को रांची में शिक्षा सचिव उमा शंकर सिंह से भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के वरीय उपाध्यक्ष मैनेजर प्रसाद सिंह कर रहे थे। संघ ने शिक्षा सचिव को तीन सूत्री मांगपत्र सौंपा। विद्यालय के ग्रीष्मकालीन समय सारणी में परिवर्तन पर शिक्षा सचिव ने समय परिवर्तित करने और इस बाबत आवश्यक पत्र निर्गत करने का आश्वासन दिया।
कार्यरत शिक्षकों के टेट परीक्षा में शामिल होने के संबंध में उन्होंने कहा की सुप्रीम कोर्ट के अंतर्गत चल रहे रिव्यू पिटीशन का अवलोकन करने के बाद इस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभी विज्ञापन में कार्यरत शिक्षकों को टेट देना अनिवार्य नहीं बनाया गया है। सर्वोच्च न्यायालय के न्याय आदेश के आलोक में उचित निर्णय लिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नियमावली में संशोधन करते हुए विशेष परीक्षा ली जा सकती है।
नव नियुक्त सहायक आचार्य के वेतन भुगतान के मामले में उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला शिक्षा अधीक्षक के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर इस पर आवश्यक निर्देश वेतन भुगतान करने हेतु देंगे।
शिक्षक संघ द्वारा उक्त मांग पत्र मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं निदेशक प्राथमिक शिक्षा को भी सौंपा गया है प्रतिनिधिमंडल में हरिद्वार महतो, जितेंद्र कुमार दुबे एवं प्रभात कुमार पांडेय शामिल थे।



