शिबू सोरेन एक सच्चे जननायक थे, जिन्होंने झारखंड के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया : बीएन सिंह 

Advertisements

शिबू सोरेन एक सच्चे जननायक थे, जिन्होंने झारखंड के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया : बीएन सिंह 

दिशोम गुरु के संघर्ष और समर्पण ने झारखंड की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया : अमितेश सहाय 

गुरुजी को नमन, उद्योग जगत ने याद किए उनके योगदान

डीजे न्यूज, धनबाद : झारखंड आंदोलन के महानायक और तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से पूरा राज्य और देश शोक में डूबा हुआ है। इसी क्रम में इंडस्ट्री एंड कॉमर्स एसोसिएशन, धनबाद के सभागार में सोमवार को एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने गुरुजी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

गौरतलब है कि एसोसिएशन के अनुरोध पर वर्ष 2006 में कोयला मंत्री रहते हुए शिबू सोरेन स्वयं इसी सभागार में एसोसिएशन की एजीएम में शामिल हुए थे।

सभा की अध्यक्षता करते हुए बीएन सिंह ने कहा किशिबू सोरेन एक सच्चे जननायक थे, जिन्होंने झारखंड के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व हमेशा हमारे लिए मार्गदर्शक रहेगा।

अमितेश सहाय ने कहा किगुरुजी का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके संघर्ष और समर्पण ने झारखंड की पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनकी प्रेरणा हमें हमेशा समाज सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

एस.के. सिन्हा उर्फ पलटन बाबू ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दिशोम गुरु का जाना एक युग का अंत है। उन्होंने आदिवासी समाज के उत्थान और झारखंड की अस्मिता के लिए जो कार्य किए, वे इतिहास में अमर रहेंगे।

वहीं केदारनाथ मित्तल ने कहा कि गुरुजी ने झारखंड के स्वाभिमान को नई पहचान दी। समाज के प्रति उनका समर्पण और योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

कार्यक्रम में वी.एन. शर्मा, सच्चिदानंद सिंह, एम.एल. अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, योगेंद्र नाथ तुलस्यान, आर.के. अग्रवाल, सज्जन कुमार खरकिया, सुरेंद्र कुमार जैन, नवीन डालमिया, दिलेश्वर राय, हेमंत गुप्ता, पुनीत तुलस्यान, प्रदीप चटर्जी, चिन्मय बनर्जी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभा के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर गुरुजी को श्रद्धांजलि दी और उनके सपनों के झारखंड को साकार करने का संकल्प लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top