शहादत की स्मृति में भावुक हुआ हुसैनाबाद का विद्यालय परिसर
इतिहास के बलिदानों को याद कर बच्चों में भरा जागरूकता का संकल्प
डीजे न्यूज, हुसैनाबाद(पलामू) : सोमवार को राजकीय मध्य विद्यालय हुसैनाबाद, पलामू के प्रांगण में नियमित प्रार्थना, राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत, संविधान की प्रस्तावना तथा स्वच्छता हेतु संकल्प के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जेसीईआरटी द्वारा प्रेषित न्यूज+क्विज का वाचन बहुआयामी प्रकृति की धनी भाषायी शिक्षिका सुषमा पांडेय द्वारा किया गया। इतर सामान्य ज्ञान की पुनरावृत्ति के पश्चात श्रीमती पांडेय इतिहास के पन्नों में दर्ज आज के शहादत दिवस को याद करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि इन्हीं कुर्बानियों के बदौलत आज हम सभी उन्मुक्त गगन में खुली सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने 13 अप्रैल को घटित जलियांवाला बाग हत्याकांड का उल्लेख करते हुए बताया कि पंजाब राज्य के अमृतसर जिले में स्थित जलियांवाला बाग में वैशाखी के दिन स्वतंत्रता प्रेमी रॉलेट एक्ट के विरोध में एकत्र हुए थे। इसी दौरान अंग्रेजी अधिकारी जनरल ओ डायर ने अंधाधुंध गोलियां चलवा दीं, जिसमें सैकड़ों निहत्थे लोग मारे गए। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार 484 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि कुछ स्रोत हजारों लोगों के मारे जाने और दो हजार से अधिक के घायल होने की बात करते हैं। इस घटना को 13 अप्रैल को शहादत दिवस के रूप में याद किया जाता है।
साथ ही सत्यशोधक समाज के संस्थापक ज्योतिबा फुले को भी श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। बताया गया कि उनका जन्म 11 अप्रैल 1827 को हुआ था और वे बाल विवाह के विरोधी तथा विधवा विवाह के समर्थक थे। उन्होंने स्त्री शिक्षा पर विशेष जोर दिया और किसानों की स्थिति सुधारने के लिए आंदोलन कर समाज को नई दिशा दी।
इसके अतिरिक्त, आगामी 14 अप्रैल को विद्यालय बंद रहने के कारण संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की संघर्षमयी जीवनी पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि वे समतामूलक समाज के समर्थक थे और उनके निर्देशन में संविधान का निर्माण हुआ, जिसे बनने में 2 वर्ष 11 महीने 18 दिन लगे। वे ऐसे समाज की कल्पना करते थे जहां सभी को समान अधिकार प्राप्त हो। कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान समय में उनकी जीवनी की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। बदलते सामाजिक परिवेश में उनके विचारों को आत्मसात कर समृद्ध भारत का निर्माण किया जा सकता है। इस सत्र में विद्यालय के एचएम कन्हैया प्रसाद, शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता एवं पूनम कुमारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।