
सहायक शिक्षक सह अजप्टा नेता अनिल कुमार खलखो का निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर
डीजे न्यूज, रांची : राजकीय मध्य विद्यालय खत्री खटंगा बेड़ो-1 में पदस्थापित सहायक शिक्षक एवं अजप्टा (अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ) के दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के अध्यक्ष अनिल कुमार खलखो का सोमवार को रिम्स, रांची में आकस्मिक निधन हो गया। वे लंबे समय से शिक्षा एवं शिक्षक हितों के लिए संघर्षरत रहे। उनके निधन से पूरे शिक्षा जगत में शोक की लहर फैल गई है।
उनके निधन की खबर मिलते ही बेड़ो, लापुंग और ईटकी प्रखंडों के शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। बेड़ो में आयोजित होने वाली गुरुगोष्ठी को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी शांति मुनी तिर्की, बीपीओ विकास भूषण, देव कुमार राम, लेखापाल आदिल हुसैन, सभी बीआरपी-सीआरपी और शिक्षा परियोजना से जुड़े कर्मचारियों ने गहरा शोक प्रकट किया।
बीआरसी, बेड़ो में एक शोकसभा का आयोजन कर स्व. अनिल खलखो को श्रद्धांजलि दी गई। उनके समर्पण, सरलता एवं नेतृत्व क्षमता को याद करते हुए वक्ताओं ने उन्हें शिक्षा जगत का प्रेरणास्त्रोत बताया।
इधर लापुंग प्रखंड के शिक्षकों एवं पदाधिकारियों ने भी उनके निधन पर शोक जताया। रांची जिला अजप्टा के अध्यक्ष सलीम सहाय तिग्गा, प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार नायक, सचिव मो. जुबैर अंसारी, शिक्षक नेता संजय कुमार सिंह सहित अन्य ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। शोक प्रकट करने वालों में अजप्टा प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी, महासचिव राम मूर्ति ठाकुर, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार, दक्षिणी छोटानागपुर अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, पलामू जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार दूबे, महासचिव अमरेश कुमार सिंह, गढ़वा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे, पलामू प्रमंडलीय सोशल मीडिया प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता, गुमला महासचिव सुरंजन कुमार, धनबाद जिलाध्यक्ष सुनील कुमार भगत एवं पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
अनिल कुमार खलखो का निधन न केवल शिक्षा क्षेत्र की अपूरणीय क्षति है, बल्कि शिक्षक आंदोलन को भी एक गहरा आघात है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।