
सीएम उत्कृष्ट बालिका विद्यालय में इंटर हाउस टैलेंट हंट, मंच पर छाई बेटियां
प्रतिभा का संगम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गुरुवार का दिन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, सर जेसी बोस परिसर के लिए खास रहा, जब विद्यालय के प्रांगण में छात्राओं की रचनात्मकता, कला और ऊर्जा का भव्य संगम देखने को मिला। झारखंड शिक्षा परियोजना के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के सह-शैक्षिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंटर हाउस टैलेंट हंट का आयोजन हुआ, जिसमें रंग, राग और रचनात्मकता ने मिलकर एक यादगार माहौल बना दिया।
पुष्पवर्षा और स्वागत गीत से शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद का स्वागत बाल संसद की प्रधानमंत्री और विद्यालय की हेड गर्ल ने स्कॉट टीम के साथ पुष्पवर्षा कर किया। प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने बुके भेंटकर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया, वहीं उप-प्राचार्य श्रीमती पपिया सरकार ने एसएमसी अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रणजीत यादव का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के बाद छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत गाकर सभी अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
‘स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ के सपनों को उड़ान
अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्य कुशवाहा ने बताया कि विद्यालय मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के विज़न को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने गर्वपूर्वक कहा कि सीबीएसई के पहले बैच में राज्य स्तर के टॉप 5 में विद्यालय की तीन छात्राओं ने स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि वसीम अहमद ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा— “ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को उनकी छिपी हुई प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं और भविष्य में उन्हें शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी पहचान बनाने में मदद करते हैं।”
संगीत, नृत्य और नाटक का रंगारंग संगम
प्रतियोगिता में विद्यालय के छह हाउस सावित्रीबाई फुले, रानी चेन्नम्मा, मदर टेरेसा, मैडम भीकाजी कामा, कल्पना चावला और सरोजिनी नायडू के छात्राओं ने भाग लिया।
सोलो डांस, ग्रुप डांस, सोलो सिंगिंग, ग्रुप सिंगिंग और ड्रामा की श्रेणियों में एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
“ए मेरे प्यारे वतन के लोगों” जैसे सोलो गीत ने माहौल में देशभक्ति की लहर दौड़ा दी, जबकि मां को समर्पित समूह गीत ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं।
रंग-बिरंगे परिधानों में प्रस्तुत समूह नृत्यों ने पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया।
बेटी सशक्तिकरण और समानता पर आधारित नाटकों ने सामाजिक संदेश के साथ-साथ दर्शकों को भावुक भी कर दिया।
सावित्रीबाई फुले हाउस का दबदबा
प्रतियोगिता में सावित्रीबाई फुले हाउस ने कई विधाओं में पहला स्थान प्राप्त कर अपना वर्चस्व कायम किया।
ग्रुप सॉन्ग: प्रथम – सावित्रीबाई फुले, द्वितीय – रानी चेन्नम्मा, तृतीय – मदर टेरेसा।
सोलो डांस: प्रथम – सावित्रीबाई फुले, द्वितीय – मैडम भीकाजी कामा, तृतीय – कल्पना चावला।
ड्रामा: प्रथम – सरोजिनी नायडू, द्वितीय – सावित्रीबाई फुले, तृतीय – रानी चेन्नम्मा।
सोलो सिंगिंग: प्रथम – कल्पना चावला, द्वितीय – मदर टेरेसा, तृतीय – सावित्रीबाई फुले।
ग्रुप डांस: प्रथम – सावित्रीबाई फुले, द्वितीय – मदर टेरेसा एवं भीकाजी कामा (संयुक्त), तृतीय – रानी चेन्नम्मा।
मंच संचालन में भी चमकी छात्राएं
वरिष्ठ शिक्षक सह प्रतिनिधि मोहम्मद अख्तर अंसारी और छह छात्राओं की टीम ने बारी-बारी से मंच संचालन कर अपनी वाक्पटुता से दर्शकों को बांधे रखा। निर्णायक मंडल में गीता कुमारी सिंहा, मिथिलेश कुमार वर्मा और सुषमा कुमारी शामिल थे।
मंच व्यवस्था और कार्यक्रम मॉनिटरिंग में पपिया सरकार, अनीता मिश्रा, वीणा कुमारी, बालाजी बम, शंकर मंडल और संध्या संथालिया का योगदान सराहनीय रहा।
15 अगस्त को होगा सम्मान
विजेताओं को आगामी 15 अगस्त को विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूरे विद्यालय परिवार का भरपूर सहयोग रहा। धन्यवाद ज्ञापन पपिया सरकार ने किया।