सीएम ने नेमरा में बाहा पर्व पर की जाहेर थान में पूजा

Advertisements

सीएम ने नेमरा में बाहा पर्व पर की जाहेर थान में पूजा

डीजे न्यूज, नेमरा, रामगढ़ :
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित ‘बाहा पर्व’ में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ नेमरा स्थित जाहेर थान पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।

परंपरा के अनुसार पूजन कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) श्री चैतन टुडू एवं कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) श्री छोटू बेसरा ने संपन्न कराया। मुख्यमंत्री अपने निवास स्थान से पदयात्रा करते हुए ग्रामीणों के साथ ‘बाहा पूजा’ के लिए जाहेर थान पहुंचे।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाहा पर्व में शामिल होने मुख्यमंत्री नेमरा पहुंचे। उन्हें अपने बीच पाकर नेमरा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग उत्साहित नजर आए। ग्रामीण ढोल-नगाड़ा एवं मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया। उपस्थित लोगों ने उनका हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया।

दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नेमरा

मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्रों के लोग उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top