


संविधान केवल नियमबद्ध कानून की किताब नहीं बल्कि यह भारत की आत्मा : डॉ. संजू कुमारी

सभी को सम्मान पूर्वक जीने का अवसर देता है संविधान : प्राचार्य डॉ इंद्रजीत कुमार
डिग्री कॉलेज टुंडी में हमारा संविधान हमारा सम्मान संविधान दिवस का भव्य आयोजन
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : संविधान दिवस पर बुधवार को डिग्री कॉलेज टुंडी के बिरसा मुंडा सभागार में हमारा संविधान हमारा सम्मान संविधान दिवस का भव्य आयोजन महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC)तथा राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान निर्माता डॉ. भीमराव राव आंबेडकर तथा माटी के लाल बिनोद बिहारी महतो की तस्वीर पर माल्यार्पण कर प्रारंभ हुआ। मुख्य अतिथि विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय की सह प्राध्यापिका डिन ऑफ सोशल साइंस तथा राजनीति विज्ञान के स्नातकोत्तर विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. संजू कुमारी थीं। इस अविस्मरणीय अवसर पर महाविद्यालय में व्याख्यान श्रृंखला की भी शुरुआत राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा की गयी। व्याख्यान का विषय था-राष्ट्र निर्माण में संविधान की भूमिका। राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर डॉक्टर कुसुम रानी ने स्वागत भाषण देते हुए बिषय पर परिचयात्मक विवरण दिया। मुख्य वक्ता डॉ. संजू कुमारी ने अपने उद्बोधन में संविधान पर चर्चा करते हुए बताया कि भारत का संविधान केवल नियमबद्ध कानून की किताब नहीं है बल्कि यह भारत की आत्मा है। हमारी राष्ट्रीय चेतना एवं भविष्य का दिशा सूचक है। संविधान ने राष्ट्र निर्माण में भारत को एकता के सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ इंद्रजीत कुमार ने कहा कि संविधान हमें ‘मैं ‘ की नहीं ‘हम ‘की शिक्षा देता है। हमें सम्मान पूर्वक जीने का अवसर देता है। यह हमें बतलाता है कि अपने सम्मान के साथ-साथ हमें सभी का सम्मान करना चाहिए। संविधान सभा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि भारत जैसे विविधता संपन्न देश के एक रहने के पीछे हमारे संविधान का ही हाथ है। संविधान सुरक्षित है तो हम सुरक्षित है। उन्होंने सभी छात्रों को संविधान पढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर रानी सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर अविनाश कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी ने प्रस्तावना का पाठ तथा राष्ट्रगान किया एवं भारत माता की जयकारों से कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षक शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
