



संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, लोगों को दिया सुरक्षा का भरोसा
डीजे न्यूज, धनबाद: राम नवमी के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार शाम अनुमंडल कार्यालय परिसर में स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से फ्लैग मार्च निकाला गया। नेतृत्व उपायुक्त आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार कर रहे थे। फ्लैग मार्च ने पूरे शहर में सुरक्षा और विधि व्यवस्था का मजबूत संदेश दिया।
फ्लैग मार्च में शामिल सभी अधिकारी और जवान बाइक पर सवार होकर शहर के प्रमुख भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरे। यह मार्च कोर्ट मोड़, बेकारबांध, झाड़ूडीह, बाबूडीह, विनोद बिहारी चौक, भूली, आरा मोड़, पांडरपाला, आजाद नगर, रहमतगंज, वासेपुर, नया बाजार, बैंक मोड़, पुराना बाजार, शक्ति मंदिर रोड, जोड़ाफाटक, धनसार, शास्त्री नगर, बैंक मोड़ जैसे क्षेत्रों से गुजरा। इन इलाकों में प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा।
फ्लैग मार्च के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया कि राम नवमी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व को सभी लोग आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ बयान या असामाजिक गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), दंगा नियंत्रण बल और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही, कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर है।
फ्लैग मार्च में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, डीएफओ विकास पालीवाल समेत कई डीएसपी, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे।



