



संक्षिप्त खबरें: विनोद बाबू की पुण्यतिथि 18 को, तैयारियों पर की चर्चा

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): किसान संग्राम समिति कार्यालय में सोमवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में झारखंड आंदोलन के पुरोधा विनोद बिहारी महतो की पुण्यतिथि की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसकी जानकारी देते हुए पार्टी कार्यकर्ता देवाशीष पांडे ने बताया कि 18 दिसंबर को पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता रैली के शक्ल में विनोद बाबू की समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लेने का निर्णय लिया गया है। बैठक में दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
————————–
महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, थाना में दी लिखित शिकायत
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कुमारजोरी पंचायत क्षेत्र की एक 58 वर्षीय महिला ने कतरास थाना में लिखित शिकायत देकर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि 12 दिसंबर की रात करीब 8 बजे जब वह अपने घर पर बकरी बांध रही थी, तभी एक युवक अपने दो साथियों के साथ जबरन घर में घुस आया। आवेदन के अनुसार महिला को जमीन पर पटक दिया और एक युवक ने जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान अन्य दो युवक महिला को पकड़े रहे। महिला ने जब शोर मचाया तो तीनों भाग निकले और धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी या पुलिस के पास गई तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। पति के आने पर वह उनके साथ थाना पहुंची। पीड़िता ने थाना प्रभारी से आरोपितों पर कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में उसकी इज्जत और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
