
संग्रामडीह मोड़ पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त, महिला घायल
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : टुंडी-गोविंदपुर मुख्य सड़क पर संग्रामडीह मोड़ के पास रविवार रात एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे बाइक पर सवार एक महिला घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर से लोधरिया की ओर जा रही बाइक जैसे ही संग्रामडीह मोड़ पर पहुंची, तेज रफ्तार के कारण टर्निंग में संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में घटियारी निवासी महिला को चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार की लापरवाही और तेज गति दुर्घटना का कारण बनी।
पुलिस कर रही जांच
मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है। पुलिस ने कहा कि बाइक सवार की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।