



सामान्य प्रेक्षक ने किया प्रशिक्षण केंद्र का दौरा

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद नगर निगम के सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो ने बुधवार को श्री श्री लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट (एसएसएलएनटी) महिला महाविद्यालय प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया।
उन्होंने पदाधिकारियों को मतदान प्रतिशत बढ़ाने के टिप्स दिए। साथ ही पूर्वाह्न 7 बजे से मतदान शुरू कराने को कहा। उन्होंने मतदान पदाधिकारियों से मतपेटिका को सील करने के तरीके, शाम 5 बजे के पश्चात मतदाताओं की लाइन रहने पर टोकन देने के तरीके, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान पदाधिकारी के कार्य, मतदाता को अमिट स्याही लगाने आदि की जानकारी दी।
एसएसएलएनटी महिला महाविद्यालय में मतदान केंद्रों के लिए गठित पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण जारी है। धनबाद नगर निगम के सभी 55 वार्ड के लिए कुल 1075 पोलिंग पार्टी तथा चिरकुंडा नगर परिषद के लिए कुल 50 पोलिंग पार्टी बनाई गई है। प्रतिदिन 10 कमरों में संचालित प्रशिक्षण में 1200 मतदान पदाधिकारियों का प्रशिक्षण संचालित हो रहा है।
प्रशिक्षण के बेहतर संचालन में मुख्य प्रशिक्षक दिलीप कुमार कर्ण, संजय कुमार, राज कुमार वर्मा, कुमार वंदन, उमेश लाल, संतोष कुमार, रामलखन कुमार, दयामय गोराईं, मदन प्रसाद नायक, बृजभूषण पाण्डेय, ब्रज किशोर चौबे आदि तत्पर रहे।




