सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त : पचंबा में सघन वाहन जांच अभियान, कई वाहन चालकों पर कार्रवाई

Advertisements

सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त : पचंबा में सघन वाहन जांच अभियान, कई वाहन चालकों पर कार्रवाई

डीजे न्यूज, गिरिडीह :

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को लेकर पचंबा थाना के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में संचालित हुआ, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्वयं मौके पर रहकर ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा, हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित कराई।

इस दौरान बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के बिना वाहन संचालन तथा आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

नियम पालन को लेकर जागरूकता

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वैध कागजात हमेशा साथ रखें तथा ओवरलोडिंग और तेज गति से वाहन चलाने से बचें।

अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में सहयोग किया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी जिले में नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top