























































सड़क जाम, बिजली और गंदगी से परेशान कतरास नागरिक समिति ने दिया धरना

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): सड़क जाम, बिजली और गंदगी से परेशान कतरास नागरिक समिति ने गुरुवार को थाना के समीप स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थल पर धरना दिया। वक्ताओं ने शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम, बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था, सड़कों पर फैली गंदगी, जलजमाव और नालियों की बदहाली जैसे मुद्दों पर नगर निगम प्रशासन को आड़े हाथों लिया। कहा कि नगर निगम टैक्स तो नियमित रूप से वसूल रहा है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर जनता को कुछ नहीं मिल रहा। आमजनता और व्यापारी वर्ग लगातार जाम और बिजली संकट से जूझ रहे हैं। सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है और नालियों के जाम रहने से जलजमाव आम बात हो गई है। समिति ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाता है, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। भाजपा के कतरास मंडल अध्यक्ष सूर्यदेव मिश्रा, प्रिंस शर्मा, चुन्ना यादव, प्रदीप पांडे, प्रकाश राम गुप्ता, विनायक गुप्ता, मनोज गुप्ता, पंकज गुप्ता, कुंदन सिंह, बलबीर सिंह, श्याम किशोर कल्लू, बबलू बनर्जी, सुरेश शर्मा, अनूप केडिया, विनय पासवान, मंजर आलम, भरत शर्मा और हरिप्रसाद अग्रवाल मौजूद रहे।



