सड़क दुर्घटना में घायल अनुसेवक की मौत, सरिया अंचल कार्यालय में शोक

Advertisements

सड़क दुर्घटना में घायल अनुसेवक की मौत, सरिया अंचल कार्यालय में शोक

डीजे न्यूज, सरिया,गिरिडीह : सरिया अंचल कार्यालय में लगभग 14 वर्षों से अनुसेवक पद पर कार्यरत सच्चिदानंद प्रसाद (45) का मंगलवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। वे बिहार के गया जिले के निवासी थे। बीते शनिवार रात करीब 9:00 बजे बगोदर से सरिया अंचल कार्यालय स्थित अपने आवास लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

 

घटना के बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए धनबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मंगलवार को रांची रेफर कर दिया। लेकिन रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

मृतक अपने पीछे पत्नी सुमन कुमारी और दो पुत्र, सोनू और मोनू को छोड़ गए हैं। रांची में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

अंचल कार्यालय में शोक सभा आयोजित

 

सच्चिदानंद प्रसाद के असामयिक निधन से सरिया अंचल कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को कार्यालय परिसर में शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

अंचल अधिकारी संतोष कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “सच्चिदानंद प्रसाद अपने कार्य के प्रति बेहद ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ थे। उन्होंने अंचल कार्यालय में एक दशक से अधिक समय तक निष्ठापूर्वक सेवा दी। उनका निधन पूरे कार्यालय परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”

 

शोक व्यक्त करने वालों में शामिल

 

शोक सभा में सरिया एसडीएम संतोष गुप्ता, अंचल अधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी, विनय कुमार, राजेश सूर्या, तासीन अंसारी, डॉ. अनूप कुमार, विशाल कुमार, योगेंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की।

 

सच्चिदानंद प्रसाद के आकस्मिक निधन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे अंचल कार्यालय में शोक की लहर है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top