


रन फॉर झारखंड में दौड़े आम से खास
विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है 25वां वर्षगांठ: डीसी
डीजे न्यूज, धनबाद: राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर मंगलवार को रणधीर वर्मा स्टेडियम से “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने एकता, ऊर्जा और उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में जिलावासियों के साथ दौड़ लगाई और झारखंड रजत जयंती कार्यक्रमों एवं धरती आबा भगवान् बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रमों के जिला स्तरीय श्रृंखला की शुरुआत की।

इस दौरान उपायुक्त ने जिलावासियों के साथ गोल्फ ग्राउंड से “रन फॉर झारखंड” की शुरुवात की जो की सिटी सेंटर होते हुए पूजा टाकीज, डीआरएम चौक, कोर्ट मोड़ , रणधीर वर्मा चौक होते हुए गोल्फ ग्राउंड में समाप्त किया। इस आयोजन में बालिका वर्ग में पहले स्थान पर रूबी कुमारी, दूसरे स्थान पर तनु कुमारी, तीसरे स्थान पर साक्षी कुमारी रही। वहीं बालक वर्ग में पहले स्थान पर राकेश महतो, दूसरे स्थान पर विजय कुमार तथा तीसरे स्थान पर मोतीलाल महतो रहें। इन सभी विजेताओं को उपायुक्त ने क्रमशः 3000, 2000, 1000 रुपए का चेक तथा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

“रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम के अतिरिक्त गोल्फ ग्राउंड में जुंबा, आर्चरी, बॉक्सिंग, फुटबॉल, बैडमिंटन समेत अन्य खेलों का भी आयोजन किया गया जिसमे जिलेवासियों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में झारखंडी कला को भी झारखंडी नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया साथ हीं बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दी।
उपायुक्त ने कहा की झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस (15 नवम्बर) के अवसर पर राज्य की एक और गौरव को बढ़ावा देना है। साथ ही युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है। फिट झारखंड हेल्दी झारखंड का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। खेल एवं पर्यटन के माध्यम से स्थानीय सहभागिता और सामाजिक एकता को सुदृढ करना हमारा उद्देश्य है।
उन्होंने कहा की झारखंड का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है। उन्होंने ने आगे कहा कि “रन फॉर झारखंड” के माध्यम से हम राज्य के प्रति अपनत्व, एकता और विकास की भावना को मजबूती देना चाहते हैं। राज्य स्थापना की यह रजत जयंती 15 नवम्बर को पूरे उत्सवपूर्ण माहौल में मनाई जाएगी। जिसमे आप सभी जिलावासी की सहभागिता महत्वपूर्ण है। आप सभी जिला वासियों से यह अपील है की राज्य स्थापना की यह रजत जयंती के सभी कार्यक्रमों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें।
मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, जिला वन्य प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, नगर आयुक्त रविराज शर्मा, एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश बाउरी, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, विभिन्न अंचल अधिकारी, समेत जिला के कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।