


















































रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर ने की समीक्षा बैठक

यात्री सुरक्षा व सुविधा को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर
डीजे न्यूज, धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय धनबाद में शनिवार को डॉ. मनोज सिंह, एडिशनल मेंबर (मार्केटिंग एंड बिजनेस डेवलपमेंट) रेलवे बोर्ड एवं इंदु दुबे, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे ने समीक्षा बैठक की। बैठक में एन.एफ.आर (नॉन फेयर रेवेन्यू) एवं बी.डी. (बिजनेस डेवलपमेंट) से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी हासिल की। एन.एफ.आर एवं बी.डी. से जुड़े कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन, मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधार की संभावनाओं पर विचार तथा वाणिज्यिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं यात्री सुरक्षा एवं सुविधा को और अधिक अनुकूल बनाने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि धनबाद मंडल में वाणिज्यिक सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के उपरांत एडिशनल मेंबर (मार्केटिंग एंड बिजनेस डेवलपमेंट) रेलवे बोर्ड एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक द्वारा धनबाद स्टेशन का निरीक्षण भी किया गया। धनबाद स्टेशन के निरीक्षण के दौरान आर.आर.आई. कक्ष, यार्ड तथा स्टेशन परिसर का अवलोकन किया गया तथा स्टेशन पर उपस्थित यात्रियों से वार्तालाप कर उनकी प्रतिक्रिया भी प्राप्त की गई। इस अवसर पर धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र सहित मंडल के अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।



