
रास्ता काटने के विरोध में ग्रामीणों ने किया शुशी आउटसोर्सिंग का काम ठप
डीजे न्यूज, झरिया (धनबाद) :
शुशी आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा जयरामपुर और मोदीभिठा ब्राह्मण बरारी के बीच की सड़क को काटे जाने के विरोध में ग्रामीणों ने शुक्रवार को कंपनी का काम बाधित कर दिया। वे रास्ता चालू कराने की मांग कर रहे थे। नेतृत्व कर रहे आजसू के केंद्रीय सचिव वीरेंद्र निषाद ने बताया कि उस रास्ते से सैकड़ों बच्चे प्रतिदिन स्कूल के लिए आवागमन करते हैं। साथ ही जीनागोड़ा और पाथरडीह मोहन बाजार, डिगवाडीह, मोदीभीठा ब्राहमण बरारी आदि के ग्रामीण जयरामपुर एवं जीनागोरा आवाजाही करते हैं। इस रास्ते को काट दिए जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल एवं आउटसोर्सिंग कंपनी लोगों की मौलिक अधिकारों का हनन कर रही है। कंपनी ने बगैर वैकल्पिक रास्ता की व्यवस्था किए ही इसे काट दिया। बंदी के दौरान आउटसोर्सिंग कंपनी समर्थकों ने काम चालू कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के आगे उनकी एक न चली। घंटो बाद परियोजना पदाधिकारी अरूण कुमार पाण्डेय के साथ वार्ता हुई, जिसमें ग्रामीणों के लिए तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने तथा यथावत रास्ते के लिए उच्च अधिकारियों से वार्ता करने का भरोसा दिया। तब जाकर करीब 5 घंटे के बाद काम चालू हो पाया। आंदोलन में गौतम महतो, युधिष्ठिर महतो, दुर्योधन महतो, वीरेंद्र महतो, सूरज मुंडा, झामल मुंडा, शरिफ कुरैशी, रतन सिंह, बंटी साव, जादु महतो, विदेशी महतो, ईश्वर पासवान, कजली देवी, ललिता देवी आदि शामिल थे।