
राष्ट्रीय लोक अदालत में गिरिडीह में 75710 मामलों का निष्पादन
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय, गिरिडीह में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 75710 मामलों का निष्पादन हुआ, जिससे 5 करोड़ 79 लाख 34 हजार 05 रुपये की राशि की प्राप्ति हुई। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण को लेकर विशेष कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह, श्री अरविंद कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री धनंजय कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री मनोज चंद्र झा, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ श्री प्रकाश सहाय एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह श्रीमति सोनम बिश्नोई के संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
पक्षकारों को मिला त्वरित न्याय का लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में सुलहनीय आपराधिक मामले, सिविल मामले, बैंक से जुड़े विवाद, वाहन दुर्घटना वाद, बिजली, वन विभाग, उत्पाद, माप-तौल, खाद्य सुरक्षा आदि से संबंधित मामलों का त्वरित निपटारा किया गया। इससे आमजन को न्याय मिलने के साथ-साथ न्यायालयों के बोझ में भी कमी आती है।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री प्रकाश सहाय ने लोक अदालत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल आम नागरिकों को समय और खर्च की बचत के साथ शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में महिलाओं को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण कर लाभान्वित किया गया।
14 पीठों का गठन, त्वरित निष्पादन पर जोर
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देशानुसार 14 पीठों का गठन किया गया। सभी पीठासीन पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में आवंटित मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया।
गिरिडीह जिले के उपायुक्त एवं अन्य विभागों के सहयोग से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को संपत्तियों का वितरण किया गया।
मीडिया और पारा लीगल वॉलंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका
इस आयोजन को सफल बनाने में गिरिडीह न्यायमंडल के न्यायिक पदाधिकारीगण, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, न्यायालय के कर्मचारी, पारा लीगल वॉलंटियर्स और मीडिया कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन न्यायिक दंडाधिकारी सुश्री श्री प्रिया ने किया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार गौतम, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुमारी निकिता सहित गिरिडीह न्यायमंडल के सभी अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।