

रांची नगर निगम : त्रिपक्षीय वार्ता के बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल स्थगित
अधिकांश मांगों पर बनी सहमति, अगली बैठक में बोनस पर फैसला
डीजे न्यूज, रांची : रांची नगर निगम के सफाईकर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन ने 25 सितम्बर गुरुवार को हड़ताल का आह्वान किया था। बुधवार को उप श्रमायुक्त, रांची की उपस्थिति में यूनियन और नगर निगम प्रशासन के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता के बाद यह हड़ताल स्थगित कर दी गई। वार्ता के दौरान नगर निगम प्रशासन ने सफाईकर्मियों की कई महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकार किया। यह जानकारी झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के अध्यक्ष
भवन सिंह ने देवभूमि झारखंड न्यूज को दी है।
इन मांगों पर बनी सहमति
• साल में 8 दिन अवकाश (4 राष्ट्रीय और 4 त्यौहार अवकाश)।
• अकुशल से कुशल श्रेणी में प्रोन्नति।
• निकाले गए कर्मियों की पुनः बहाली।
• मृतक कर्मियों के आश्रितों को नियुक्ति।
• ए टू ज़ेड कंपनी के कर्मियों को दिसंबर 2013 का बकाया वेतन भुगतान।
• 1 अप्रैल 2025 से लागू वेतन वृद्धि का एरियर तीन किस्तों में भुगतान।
• सभी कर्मियों को पहचान पत्र जारी करना।
बोनस, अतिरिक्त अवकाश और स्थायीकरण संबंधी मांगों पर अगले दौर की वार्ता में निर्णय लिया जाएगा।
इस संबंध में सफाईकर्मियों की बैठक गुरुवार को अपराह्न 3 बजे, हटिया मजदूर यूनियन कार्यालय में आयोजित की गई है, जिसमें यूनियन नेतृत्व कर्मियों को वार्ता के फैसलों की जानकारी देगा।
वार्ता में रांची नगर निगम की ओर से अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद एवं रविन्द्र कुमार, सहायक प्रशासक दिलीप कुमार एवं चंद्रदीप कुमार उपस्थित थे। श्रम विभाग की ओर से सहायक श्रमायुक्त अविनाश कृष्ण और यूनियन की ओर से अध्यक्ष भवन सिंह, महासचिव प्रकाश टोप्पो, सचिव सुखनाथ लोहरा, सहायक सचिव सुजीता देवी तथा संरक्षक अमल आजाद शामिल रहे।
