



रामनवमी को लेकर पूर्वी टुंडी में फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील 
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी टुंडी क्षेत्र में बुधवार को पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी नीतीश कुमार एवं अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने किया, जिसमें पुलिस बल और सशस्त्र जवान शामिल थे।
यह फ्लैग मार्च पूर्वी टुंडी के पगला मोड़ से शुरू होकर रामपुर, रुपन, शंकरडीह, रघुनाथपुर, हलकट्टा सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में निकाला गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि रामनवमी को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।



