रामकनाली हादसा: सीआइएसएफ ने कहा- राहत-बचाव कार्य जारी

रामकनाली हादसा: सीआइएसएफ ने कहा- राहत-बचाव कार्य जारी

अवैध कोयला खनन की रोकथाम को चलाया जा रहा अभियान

डीजे न्यूज, धनबाद: बीसीसीएल कतरास क्षेत्र संख्या-4 के रामकनाली‌ कुम्हारपट्टी (बुट्टू बाबू बंगला) क्षेत्र में रविवार सुबह हुई भू-धंसान की घटना को लेकर सीआइएसएफ धनबाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। सीआइएसएफ के अनुसार, घटना के बाद कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। घटना की वास्तविक स्थिति और कारणों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।
सीआइएसएफ ने बताया कि अवैध कोयला खनन से उत्पन्न जीवन एवं संपत्ति के संभावित खतरे को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निवारक एवं प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जा रही है। 7 सितंबर को क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन में बल के 90 जवानों ने हिस्सा लिया, जबकि 4 सितंबर को कांटापहाड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 11.49 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। 3 सितंबर को 50 जवानों के साथ नाइट पेट्रोलिंग की गई थी। इससे पहले 2 सितंबर को कांटापहाड़ी में छापेमारी के दौरान करीब 2,000 बोरी अवैध कोयला बरामद किया गया था।

विज्ञप्ति के मुताबिक, 12 सितंबर से बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा अवैध खनन के मुहानों की भराई के लिए विशेष अभियान के तहत ओवरबर्डन (OB) डालने का काम शुरू किया गया है। अब तक करीब 46 हॉलपैक लोड ओबी डाला जा चुका है। साथ ही आशंका-आधारित छापेमारी, नियमित क्यूआरटी पेट्रोलिंग, एरिया डोमिनेशन और सतत निगरानी जारी है।

बल के वरिष्ठ कमांडेंट ने 9 सितंबर को रामकनाली थाना प्रभारी को क्षेत्र में कथित अवैध खनन गतिविधियों के संबंध में पत्र भेजा था। पत्र 11 सितंबर को स्थानीय पुलिस को प्राप्त हुआ। इसमें उपलब्ध वीडियो फुटेज और तस्वीरों के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान संबंधी जानकारी भी साझा की गई है।

बल ने बताया कि संबंधित क्षेत्र को डीजीएमएस द्वारा खनन के उद्देश्य से असुरक्षित घोषित किया गया है और अवैध खनन के कारण कभी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ऐसे में अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी एवं विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

सीआइएसएफ एवं बीसीसीएल प्रबंधन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध कोयला खनन अथवा चोरी जैसी गतिविधियों में शामिल न हों और ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी तत्काल सीअइएसएफ को दें। जारी विज्ञप्ति में सीआइएसएफ वाट्स एप नंबर 9341528406 पर सूचना साझा करने की अपील की गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top