रामगढ़ ने पलामू को 165 रनों के विशाल अंतर से हराया

Advertisements

रामगढ़ ने पलामू को 165 रनों के विशाल अंतर से हराया

अंतर जिला अंडर-23 प्लेट टूर्नामेंट : कप्तान योगेश भास्कर के आलराउंड प्रदर्शन से रामगढ़ का परचम
डीजे न्यूज, धनबाद : कप्तान योगेश भास्कर के आलराउंड प्रदर्शन की मदद से रामगढ़ ने शुक्रवार को खेले गए जेएससीए अंतर जिला अंडर-23 प्लेट टूर्नामेंट में पलामू को 165 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। ग्रुप ए के तीन मैचों में एक मैच जीतने वाली पलामू की टीम इस हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। वहीं दो जीत के बाद रामगढ़ की टीम ग्रुप ए के टाप पर आ गई है।
मुगमा के प्रभात स्टेडियम में टास पलामू ने जीता और रामगढ़ से पहले बल्लेबाजी के लिए कहा। रामगढ़ की टीम 45.5 ओवर में 254 रन बनाकर आउट हो गई। एक समय रामगढ़ की टीम 45 रनों पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। ऐसे आड़े वक्त में कप्तान योगेश भास्कर ने मनीष कुमार के साथ मिलकर 179 रनों की साझेदारी निभाई जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर हासिल करने में सफल रही। योगेश ने 126 गेंदों में 126 रनों की शतकीय पारी खेली जिसमें 12 चौके व तीन छक्के शामिल थे जबकि मनीष कुमार ने भी 88 रनों की शानदार पारी खेली। पलामू के अमित मिश्रा ने 40 पर चार और गुंजन कुमार यादव ने 65 पर चार विकेट चटकाए। बाद में पलामू की टीम 27 ओवर में 89 रनों पर ढेर हो गई। आनंद कुमार शर्मा ने 41 और शिवम राज ने 21 रन बनाए। रामगढ़ के आशीष कुमार चौबे ने 31 पर चार, आदर्श गिरि ने 15 पर तीन और योगेश भास्कर ने दस रन पर दो विकेट लिए।
रामगढ़ के योगेश भास्कर को प्लेयर आफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार मैच रेफरी मनोज यादव ने सौंपा। इस अवसर पर डीसीए के धर्मेंद्र कुमार, अंपायर अरविंद कुमार सिंह व शशि रंजन झा, स्कोरर दीपक कुमार उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top