




राम नवमी को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन
एसएसपी के निर्देश पर सुरक्षा तैयारियों की परखी गई मजबूती
पुलिस ने आपात स्थिति से निपटने का किया अभ्यास
डीजे न्यूज, धनबाद: आगामी राम नवमी पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देशानुसार सोमवार को पुलिस लाइन धनबाद में एक विस्तृत एवं प्रभावशाली मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जवान, सिटी हॉक टीम तथा अन्य सुरक्षा इकाइयों के सदस्य शामिल हुए। मॉक ड्रिल के दौरान संभावित संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के परिदृश्यों (सिचुएशन्स) का निर्माण किया गया और उनसे निपटने के तरीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
ड्रिल के दौरान भीड़ नियंत्रण, दंगा नियंत्रण, उपद्रवियों पर काबू पाने, घायलों को सुरक्षित निकालने, त्वरित प्रतिक्रिया (Quick Response) तथा विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस जवानों ने दंगारोधी उपकरणों जैसे हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, लाठी, शील्ड, टियर गैस, गन, वाटर केनन आदि के इस्तेमाल का भी प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही अधिकारियों ने जवानों को यह भी निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राम नवमी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि राम नवमी जैसे बड़े और संवेदनशील पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के सभी थाना क्षेत्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही लगातार गश्ती, फ्लैग मार्च और ड्रोन निगरानी के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल तुरंत और प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया दे सके। डीएसपी सुमित कुमार ने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास से न केवल पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि आपसी तालमेल भी मजबूत होता है जिससे वास्तविक स्थिति में बेहतर परिणाम सामने आते हैं।
धनबाद पुलिस का उद्देश्य है कि राम नवमी का पर्व जिले में पूरी शांति, भाईचारे और उल्लास के साथ संपन्न हो। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को डायल 112 पर दें।
इस व्यापक तैयारी और मॉक ड्रिल के जरिए धनबाद पुलिस ने यह संदेश दे दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।



