

























































राज्य स्तरीय हिंदी स्वदेशी मंत्र पाठ में धनबाद की धृति पांडेय ने लहराया परचम

12 जनवरी को राज्यपाल करेंगे सम्मानित
क्रेडो वर्ल्ड स्कूल में सातवीं की छात्रा धृति ने जिला व राज्य पर प्रथम स्थान पर रही
डीजे न्यूज, धनबाद: क्रेडो वर्ल्ड स्कूल धनबाद के सातवीं कक्षा की छात्रा धृति पांडेय ने रामकृष्ण मिशन, मोराबादी, रांची की ओर से आयोजित हिंदी स्वदेश मंत्र पाठ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। धृति ने जिला तथा राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि लगातार दूसरी बार यह सफलता इसी स्कूल के नाम दर्ज हुई है।
धृति की इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए 12 जनवरी को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शर्मिला सिन्हा ने इस अवसर पर छात्रा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “यह सफलता छात्रा की लगन, निरंतर अभ्यास एवं शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।”
विद्यालय के निदेशक हर्षित अग्रवाल ने भी धृति पांडेय की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया।
इस सफलता में विद्यालय की हिंदी शिक्षिका संगीता श्रीवास्तव तथा शिक्षक साहित्य कुमार मिश्रा का विशेष योगदान रहा, जिनके कुशल मार्गदर्शन और प्रेरणा से छात्रा ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की। विद्यालय परिवार ने धृति पांडेय को शुभकामनाएँ तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



