
राज्य सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने सिन्दरी में माले का जनसंपर्क तेज, पोस्टर अभियान में कार्यकर्ताओं की भागीदारी
डीजे न्यूज, सिन्दरी,धनबाद : भाकपा माले (CPI-ML) के 7वें राज्य सम्मेलन की तैयारी पूरे झारखंड में जोर-शोर से चल रही है। 22 से 24 अप्रैल तक बोकारो में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता मैदान में उतर चुके हैं। सिन्दरी क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने व्यापक पोस्टर लगाओ अभियान चलाकर लोगों को सम्मेलन में भागीदारी के लिए जागरूक किया।
इस अभियान में राज्य कमेटी सदस्य कामरेड सुरेश प्रसाद, जिला कमेटी सदस्य राजीव मुखर्जी, विमल कुमार, जितू सिंह, नरेश सिंह, सुभम सिंह, नेहाल, विजय राम समेत कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पोस्टर अभियान के दौरान सिन्दरी के विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ों, चौक-चौराहों और दीवारों पर पार्टी के संदेशों वाले पोस्टर लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने जनता से राज्य सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाग लेने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उनका मानना है कि यह सम्मेलन झारखंड की गरीब, मजदूर, किसान और मेहनतकश जनता की आवाज बनेगा और आने वाले संघर्षों की दिशा तय करेगा।
“भाकपा माले जिन्दाबाद, राज्य सम्मेलन को सफल बनाओ” जैसे नारों से सिन्दरी का माहौल गूंज उठा है।