राजगंज सड़क हादसे में मां-बेटे के बाद बेटी ने भी तोड़ा दम बिरनी थाना क्षेत्र के बटलोहिया के थे निवासी, गांव में पसरा मातम

Advertisements

राजगंज सड़क हादसे में मां-बेटे के बाद बेटी ने भी तोड़ा दम

बिरनी थाना क्षेत्र के बटलोहिया के थे निवासी, गांव में पसरा मातम
डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : धनबाद के राजगंज–सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सिक्स लाइन मार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब साढ़े दस बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बिरनी थाना क्षेत्र के बटलोहिया निवासी एक ही परिवार के पिता, पुत्री एवं वृद्ध मां की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 53 वर्षीय रामदेव यादव, उनकी 70 वर्षीय वृद्ध मां तलिया देवी तथा 35 वर्षीय पुत्री गीता देवी के रूप में हुई है।
हादसे में रामदेव यादव की जेठ सास 55 वर्षीय होसिया देवी एवं कार चालक विजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का इलाज निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, धनबाद में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे से न केवल घर बल्कि पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजन तीनों शवों के घर पहुंचने का इंतजार करते रहे।
परिजनों ने बताया कि रामदेव यादव की वृद्ध मां तलिया देवी शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घर में अचानक गिर पड़ी थीं। इसके बाद शनिवार शाम करीब सात बजे वे पुनः घर में गिर गईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। रामदेव यादव उन्हें इलाज के लिए पहले बिरनी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया।
हालांकि रामदेव यादव रात में सदर अस्पताल गिरिडीह न जाकर अपने एक रिश्तेदार की कार से मां का इलाज कराने धनबाद जा रहे थे। इसी दौरान सिक्स लाइन मार्ग पर आगे चल रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से आ रही कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही रामदेव यादव एवं उनकी वृद्ध मां तलिया देवी की मौत हो गई।
कार में सवार रामदेव यादव की पुत्री गीता देवी, जेठ सास होसिया देवी एवं चालक विजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को धनबाद अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शनिवार दोपहर करीब दो बजे रामदेव यादव की पुत्री गीता देवी ने भी दम तोड़ दिया।
शनिवार देर शाम धनबाद पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। परिजन शवों को अस्पताल से गांव ला रहे हैं। देर रात तक शवों के घर पहुंचने की संभावना जताई गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top