



राजगंज में ट्रक-ट्रेलर की भिड़ंत, चालक घायल

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे राजगंज थाना क्षेत्र स्थित कोलकाता-दिल्ली मुख्य मार्ग पर महेशपुर के नजदीक एक ट्रक और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक विनोद कुमार ऊँज, निवासी भदोनी (उत्तर प्रदेश), गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक विनोद कुमार ने बताया कि वह धनबाद में ट्रक खाली कर यूपी की ओर लौट रहा था। महेशपुर में उसने अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा करने का प्रयास किया, इसी दौरान दूसरी लेन से आ रही एक ट्रेलर—जो गोविंदपुर से सामान लेकर भिवंडी, राजस्थान जा रही थी—ने ट्रक के चालक वाली ओर जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में विनोद के सिर और कंधे पर चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत राजगंज स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जप्त कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

