
राजगंज में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत
डीजे न्यूज, राजगंज (धनबाद): कोलकाता- दिल्ली मुख्य मार्ग पर बोराबांध के पास शनिवार रात करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार करने के लिए खड़ी महिला को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान बोराबांध निवासी विजय गुप्ता की पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है।
बाइक सवार की पहचान तोपचाची नरकॉपी निवासी सदानंद महतो के रूप में हुई, जो धनबाद से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में बोराबांध के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलने पर राजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बाइक सवार से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि अंतिम संस्कार के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे से मचा कोहराम
इस घटना से मृतका के परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना रोकने के लिए मुख्य मार्ग पर वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।