



राजगंज में तीन ट्रकों की भीषण टक्कर, चालक जख्मी
डीजे न्यूज, राजगंज (धनबाद): नेशनल हाईवे पर महेशपुर मोड़ के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तीन भारी वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक चालक को आंशिक चोटें आई हैं।
टक्कर एलपीजी भारत पेट्रोलियम गैस टैंकर, भारत पेट्रोलियम टैंकर और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की हुई है। बताया जा रहा है कि महेशपुर मोड़ के कट के सामने से एक टैंकर के गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में घुस जाने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहनों के आगे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीनों वाहनों को सड़क किनारे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर अक्सर वाहन गलत दिशा से आते-जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। प्रशासन से यहां सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की जा रही है।


