



राजगंज में सड़क हादसा, सात जख्मी

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में दो महिलाओं समेत सात लोग सवार थे।
कार सवार गिरिडीह के पाचंबा से गोविंदपुर एक शादी समारोह में शामिल होकर राजगंज के गलीकुल्ही स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने आ रहे थे। इसी दौरान दलूडीह के समीप हाईवे से सर्विस रोड में आने के क्रम में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार में सवार बबिता देवी, संध्या कुमारी, रितेश कुमार, परवीन कुमार और तीन बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल राजगंज के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को उनके परिजनों द्वारा बेहतर इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया। बताया जाता है कि एक महिला के सिर में चोट लगी है, जबकि दूसरी महिला को पेट में तेज दर्द की शिकायत थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर जब्त कर थाना ले गई।
इसी दौरान एक दूसरी घटना भी घटित हो गई। कार दुर्घटना को देखने के लिए एक ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे उसके पीछे आ रही दूसरी ट्रक उससे टकरा गई। इस टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि संयोगवश ट्रक में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।



