



राजगंज में नर कंकाल बरामद, कंकाल की पहचान वृद्ध बेनीलाल के रूप में हुई

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद):राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दलदली और बोलाईटांड के बीच भालूगाड़ा स्थित जंगल में सोमवार को एक नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कंकाल के पास मिली पकड़ों से शव की पहचान बेनीलाल टुडू (53 वर्ष) के रूप में की गई। मृतक के पुत्र नरेश टुडू ने शव की शिनाख्त की है। उसने बताया कि बेनीलाल 22 दिनों से लापता थे। मृतक दलदली गांव का रहने वाला था। घटनास्थल के आसपास कंकाल का सिर नहीं मिलने से कई तरह की चर्चाएं लोग कर रहे हैं। हालांकि परिजन इसे किसी जंगली जानवर के द्वारा नोंचने बात कह रहे हैं।
मृतक के दो पुत्र—नरेश टुडू और विकास टुडू—हैं। उन्होंने बताया कि लापता पिता को खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर गुमशुदगी का आवेदन पुलिस को दिया था। सोमवार को शव मिलने के बाद परिजनों ने स्थानीय मुखिया एवं ग्रामीणों के साथ बैठक की। मामले में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया। बताया कि पिता जंगल गए थे। जहां जंगली जानवर ने उसे नोच कर मार डाला। इसके बाद मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग को दी गई।
