



राजगंज में जख्मी हालत में मिली महिला

सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने घटना से किया इंकार
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद):दलूडीह पंचायत के बारूदघर के पास मंगलवार को एक अधेड़ महिला घायल और नग्न अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के मुताबिक, होश में आने पर महिला ने तीन से चार अज्ञात लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया।
सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुँची और महिला को उपचार एवं पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। ग्रामीणों का दावा है कि महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों और खरोंचों के निशान देखे गए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैल गया।
महिला, जो मूल रूप से बरहेट (गोड्डा) की रहने वाली बताई जा रही है, ने बताया कि वह पहले बाघमारा क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर काम कर चुकी है और हाल के दिनों में राजगंज में किराए के मकान में रह रही थी।
हालाँकि, थाना प्रभारी अलीशा कुमारी ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना से साफ़ इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि महिला विक्षिप्त अवस्था में है और पिछले कई दिनों से राजगंज क्षेत्र में भटकती देखी जा रही थी। टीओपी पुलिस द्वारा उसे कपड़े पहनाए गए और उसके कहने पर उसे गोड्डा जाने वाली गाड़ी में बैठा दिया गया।
पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
