



राजगंज में बिनोद बाबू जन सम्मान समारोह का आयोजन

झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित
बिनोद बाबू के विचारों और संघर्ष से प्रेरणा लें नई पीढ़ी: सुदेश महतो
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद):राजगंज थाना अंतर्गत दलूडीह पंचायत के दया बांसपहाड़ स्थित बिनोद धाम परिसर में गुरुवार को बिनोद बाबू जन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विनोद विचार मंच के तत्वावधान में आयोजित समारोह का उद्घाटन आजसू पार्टी के केंद्रीय सुप्रीमो सुदेश महतो ने किया। कार्यक्रम
में गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक लम्बोदर महतो, तिवारी महतो, सुनीता चौधरी और शंकर किशोर महतो उपस्थित थे।

समारोह की शुरुआत सभी अतिथियों द्वारा बिनोद बाबू, दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं राजकिशोर महतो के चित्र पर माल्यार्पण व श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात झारखंड आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने बिनोद बाबू के संघर्षमय जीवन, सामाजिक योगदान तथा झारखंड आंदोलन में उनकी अहम भूमिका पर प्रकाश डाला।
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि बिनोद धाम बिनोद बाबू की स्मृतियों और संघर्ष का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को बिनोद बाबू के विचारों और संघर्ष से प्रेरणा लेकर समाज और राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए।
समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, आजसू कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बिनोद बाबू के आदर्शों पर चलने और उनके सपनों को साकार करने के संकल्प के साथ किया गया।




