



राजगंज में बच्चा चोरी की अफवाह पर मारपीट, तीन आरोपी भेजे गए जेल

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): बच्चा चोरी की अफवाह के बाद दो युवकों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना राजगंज थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, डब्लू महतो द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। आवेदन में बताया गया है कि रविवार की रात करीब 9:30 बजे डब्लू महतो अपने साले दीपक महतो के साथ टहलते हुए डालूडीह पुल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने बच्चा चोर होने की अफवाह फैलाते हुए दोनों पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए कतरास स्थित उमाशंकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
मंगलवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले में नामजद विनय मिस्त्री (56 वर्ष), आकाश तुरी (21 वर्ष) और सोनू तुरी (25 वर्ष) को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
आरोपियों को जेल भेजे जाने के दौरान बड़ी संख्या में उनके परिजन सुबह से ही थाना परिसर में जुटे रहे और उन्हें छोड़ने की मांग करते नजर आए।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।




