
राजद को मजबूत करने धनबाद पहुंचे मंत्री संजय यादव, युवाओं को पार्टी से जोड़ना लक्ष्य
डीजे न्यूज, धनबाद : झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने अपने धनबाद दौरे के दौरान राजद संगठन की स्थिति पर गंभीर मंथन किया। उन्होंने स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को लेकर सुझाव लिए और पार्टी की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
यादव ने कहा कि वर्तमान समय में संगठन को आधार से मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने खासतौर पर युवाओं की भागीदारी को निर्णायक बताते हुए, अधिक से अधिक नौजवानों को पार्टी से जोड़ने की अपील की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी का विस्तार और जनसंपर्क अभियान तभी सफल होगा जब हर कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय हो। संगठन के हर स्तर पर नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता लाने की आवश्यकता है।
उनकी इस पहल को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया, और संगठन को पुनः सक्रिय करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मौके पर राघवेंद्र यादव समेत जिले के सभी प्रमुख राजद नेता मौजूद थे।