
राहुल गांधी झारखंड में संगठन को मजबूत करने के लिए गंभीर : के राजू
एक समय गिरिडीह में कांग्रेस के विधायक होते थे, लेकिन कुछ कमजोरी के चलते संगठन को पीछे हटना पड़ा : केशव महतो
गुरु पूर्णिमा के दिन गिरिडीह को मिला नया कांग्रेस भवन, दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में हुआ उद्घाटन
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
गिरिडीह जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया जब भारी बारिश के बावजूद कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति में जिला कांग्रेस कमिटी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस नए भवन का उद्घाटन कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, विधायक श्वेता सिंह, पूर्व विधायक जयप्रकाश भाई पटेल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से किया।
जनता से जुड़ा रहेगा नया कार्यालय: के. राजू
उद्घाटन अवसर पर प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस का कार्यालय नहीं, बल्कि जनता के लिए एक सेवा केंद्र होगा। यहाँ आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान विशेषकर राहुल गांधी झारखंड में संगठन को मजबूत करने के लिए गंभीर हैं और यह भवन उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
संगठन को फिर से मजबूत करने की दिशा में अग्रसर: केशव महतो
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने गुरु पूर्णिमा के दिन भवन उद्घाटन को शुभ संकेत बताया। उन्होंने कहा कि एक समय गिरिडीह में कांग्रेस के विधायक होते थे, लेकिन कुछ कमजोरी के चलते संगठन को पीछे हटना पड़ा। अब पार्टी फिर से सशक्त हो रही है और आने वाले दिनों में परिस्थितियाँ बदलेंगी।
भवन का नाम राजीव गांधी के नाम पर, भाजपा पर तीखा हमला
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि इस कार्यालय का नाम पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने जामताड़ा में आदिवासियों को बेदखल कर कार्यालय बनाया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंदा इकट्ठा कर भवन खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही आदिवासियों के सच्चे हितैषी हैं।
कांग्रेस नेताओं की भारी भागीदारी
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह, कार्यकारी जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, अजय सिन्हा मंटू, प्रदेश महासचिव नरेश वर्मा, उपेंद्र सिंह, मदन विश्वकर्मा, डॉ. समीर राज चौधरी, महमूद अली खान उर्फ लड्डू, अशोक विश्वकर्मा, बलराम यादव, अमित सिन्हा, योगेश्वर मत्था, ऋषिकेश मिश्रा, संतोष राय, आयुष सिन्हा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारी बारिश भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह को नहीं रोक पाई और गिरिडीह को नया कांग्रेस भवन मिलना जिले के राजनीतिक इतिहास में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।