राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उदनाबाद में उमड़ा जनसैलाब

Advertisements

राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उदनाबाद में उमड़ा जनसैलाब

 

15 हजार श्रद्धालुओं की सहभागिता से गूंजा इलाका, श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, 2500 कलश यात्रियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के उदनाबाद में श्री श्री 1008 श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सह राधा कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा का विराट आयोजन दिनांक 8 अप्रैल 2026 से 16 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। इसके निमित्त बुधवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कलश यात्रा यज्ञ स्थल उदनाबाद से प्रारंभ होकर चाइना मोड़, भाया अजीडीह होते हुए बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर तक पहुंची। इस दौरान लगभग 2500 कलश यात्री, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां शामिल थीं, श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल हुईं। उदनाबाद पंचायत के अलावा पुरनानगर, मोहनपुर पंचायत, गांडेय प्रखंड एवं गिरिडीह नगर क्षेत्र से करीब 15 हजार ग्रामीणों की सहभागिता ने आयोजन को भव्य स्वरूप दिया।

यात्रा में राधा-कृष्ण, राम-सीता और हनुमान की आकर्षक झांकियां, सजे-धजे रथ तथा पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। बोकारो से आई झांकी, रथ, भांगड़ा टीम एवं ताशा पार्टी ने भी शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

कलश यात्रा के दौरान बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर स्थित उसरी नदी के तट पर जल भरने के पश्चात विधिवत कलश पूजन किया गया और पुनः सभी कलशों को यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया, जो पूरे यज्ञ अवधि में दिन-रात जारी रहेगा।

कलश यात्रा से पूर्व नवयुवक टोली द्वारा पूरे क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया तथा मार्गों पर पानी का छिड़काव कर वातावरण को स्वच्छ और सुगम बनाया गया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में यज्ञाचार्य जितेंद्र उपाध्याय एवं बनारस से आए पंडितों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं यज्ञ के संरक्षक दिलीप उपाध्याय, अध्यक्ष विनय कुमार सिन्हा, सचिव उदय वर्मा, जगदीश वर्मा, कोषाध्यक्ष नरेश यादव, संयोजक भिखारी मास्टर, व्यवस्थापक दीपक पंडित, मीडिया प्रभारी दीपक उपाध्याय, विनोद राणा, अनूप सिंहा, श्याम प्रजापति, मुख्य यजमान दिग्विजय उपाध्याय, प्रकाश वर्मा, सहदेव वर्मा, सुरेंद्र यादव, कांग्रेस वर्मा, वीरेंद्र वर्मा, सुजीत साव, गिरजा वर्मा, संजय राणा, उपेन्द्र उपाध्याय, राजेंद्र यादव, उपेंद्र वर्मा, दुर्गा बर्मा, बाली वर्मा, पंचानन बर्मा, रंजीत राय, विकास साव सहित सभी ग्रामीण तन-मन-धन से जुटे हुए हैं।

इस संबंध में जानकारी यज्ञ कमिटी के मीडिया प्रभारी दीपक उपाध्याय एवं विनोद राणा ने दी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top