





रा० म० वि० हुसैनाबाद में सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद (पलामू) : भारत के लौह पुरुष, स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री एवं उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रा० म० वि० हुसैनाबाद, पलामू के विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद ने की। इस अवसर पर सरदार पटेल की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
विद्यालय परिवार की ओर से शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता, मुहम्मद जुबैर अंसारी, राजेश कुमार सिंहा, कंप्यूटर शिक्षक प्रमोद मेहता, शिक्षिकाएं सुषमा पांडेय, पूनम कुमारी एवं रश्मि प्रकाश सहित अन्य शिक्षकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल भारत के प्रथम गृहमंत्री और उपप्रधानमंत्री थे। उन्हें लौह पुरुष और भारत का बिस्मार्क कहा जाता है। आजादी में उनके योगदान के साथ-साथ आजाद भारत को एक सूत्र में पिरोने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। उन्होंने कहा कि आज सरदार पटेल की जीवनी और आदर्शों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है, जिनके अनुसरण से एक समुन्नत राष्ट्र का निर्माण संभव है।
शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि आजादी के समय देश में 562 रियासतें थीं, जिन्हें सरदार पटेल ने अपने पराक्रम और दृढ़ निश्चय से भारत में विलय कराया। उन्होंने जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतों के उदाहरण देते हुए सरदार पटेल के साहस और कर्तव्यनिष्ठा पर प्रकाश डाला।
शिक्षिका सुषमा पांडेय ने सरदार पटेल के सादगीपूर्ण जीवन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अतुलनीय योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि इन्हीं कारणों से उन्हें 1991 में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षिका रश्मि प्रकाश ने कहा कि वर्तमान चुनौतियों के दौर में उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में बाल संसद के प्रधानमंत्री अमित कुमार सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सरदार पटेल के जीवन से संबंधित प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले छात्रों को प्रधानाध्यापक द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इसके अलावा क्विज, रंगोली, मूर्ति कला एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।




