



पुणे में बिल्डिंग से गिरकर विष्णुगढ़ के प्रवासी मजदूर की मौत
डीजे न्यूज, हजारीबाग : प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। इसी कड़ी में झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सारुकुदार पंचायत के चिंहुटिया गांव निवासी एक प्रवासी मजदूर की महाराष्ट्र के पुणे (चाकन) में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, चिंहुटिया गांव निवासी नेहाल महतो के 40 वर्षीय पुत्र नुनुचंद महतो की गुरुवार को काम के दौरान बिल्डिंग से गिरने से मौत हो गई। वह पिछले करीब 15 वर्षों से पुणे में राजमिस्त्री का काम कर रहे थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी धनेश्वरी देवी, पुत्री देवंती कुमारी (20), कंचन कुमारी (15) और पुत्र राकेश कुमार (18) समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवासी मजदूरों की मौत की यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि आए दिन देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
उन्होंने कहा कि हजारीबाग, बोकारो और गिरिडीह जिलों के बड़ी संख्या में युवा रोजी-रोटी के लिए पलायन करते हैं। ऐसे में सरकार को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए, ताकि मजदूरों का पलायन रुके और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



