



पत्रकारों के साथ मारपीट के आरोपी राजू खान ने किया सरेंडर, मिली जमानत
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
शहर में हुए गोलीकांड के बाद हुए घटना का खबर संकलन करने गए पत्रकारों के साथ हुई मारपीट के मुख्य आरोपित राजू खान ने सोमवार को न्यायालय में सरेंडर किया। दिन के बारह बजे के करीब अपने अधिवक्ता जय प्रकाश राय के साथ कोर्ट पहुँच कर सरेंडर किया ।अधिवक्ता ने प्रभारी सीजेएम सह एसीजेएम के सामने अपनी बातों को रखा। बताया कि यह मामला जमानतीय है। उसके मुवक्किल ने कोई मारपीट नहीं की है। न्यायालय ने जमानत आवेदन को मंजूर करते हुए दो निजी मुचलके पर जमानत दे दिया।
विदित हो कि नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 18 में गोलीबारी की घटना हुई थी। पूर्व वार्ड पार्षद सह पार्षद प्रत्याशी सरिता श्रीवास्तव के पुत्र शिवम श्रीवास्तव पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया गया था। जिसमें एक व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान धनबाद में ही गई थी। इस मामले में शिवम समेत छह आरोपित पुलिस गिरफ्त में आए जो अभी जेल में बंद हैं। गोलीबारी की घटना के बाद भंडारीडीह में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। उस दौरान खबर संकलन के लिए गए पत्रकारों के साथ मारपीट की गई थी।



