



प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों ने किया मुनीडीह परियोजना का दौरा

भूमिगत खनन की बारीकियों से हुए रूबरू
डीजे न्यूज, धनबाद: लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी मसूरी में प्रशिक्षणरत 2025 बैच के प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों के एक दल ने रविवार को पश्चिमी झरिया क्षेत्र के मुनीडीह परियोजना का दौरा किया।
इस दौरा का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को भूमिगत कोयला खनन की उन्नत तकनीकों एवं परिचालन प्रक्रियाओं से व्यावहारिक रूप से अवगत कराना था।
प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत मुनीडीह परियोजना के कांफ्रेंस हाल में किया गया। बीसीसीएल अधिकारियों ने परियोजना की भौगोलिक स्थिति, उत्पादन क्षमता तथा सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दिया। दल ने भूमिगत खदान का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। अधिकारी केज (कैज) के माध्यम से करीब पांच सौ मीटर होराइजन की गहराई तक उतरे।
खदान के भीतर लोकोमोटिव से भ्रमण कर रोड हेडर मशीन सहित आधुनिक खनन मशीनरी की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा तथा कोयला निष्कर्षण की जटिल प्रक्रिया का तकनीकी अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान सुरक्षा, उत्पादकता एवं तकनीकी चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
आइएएस अधिकारियों में सलोनी गौतम, हिमांशु, साई शिवानी एट्टाबोजिना, हर्षम पांड्या, नंदना जीपी, मुद्रा रहेजा, राज कृष्ण झा, शिवांश जागड़े, तुषार सिंह एवं केतन शुक्ला शामिल थे।




