



प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले 239 कर्मियों को शो-कोज

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त आदित्य रंजन ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन के लिए आहूत प्रथम प्रशिक्षण सत्र में अनुपस्थित रहने वाले 239 कर्मियों को शो-कोज किया है।
उपायुक्त ने बताया कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन के सफल संचालन हेतु उक्त 239 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति मतदान कार्य के निमित्त मतदान दल के कर्मी के रूप में की गई है। इस आशय का नियुक्ति-पत्र उनको पूर्व में ही प्रेषित किया जा चुका है। लेकिन वे प्रशिक्षण के लिए निर्धारित तिथि को प्रशिक्षण-सत्र में अनुपस्थित पाए गए।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन जैसे अतिमहत्त्वपूर्ण कार्य में, प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहना उनकी स्वेच्छाचारिता, लापरवाही, कर्तव्यहीनता के साथ सांवैधानिक दायित्वों का भी उल्लंघन है।
इसलिए प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले सभी 239 कर्मियों को 24 घंटे के अन्दर अपना स्पष्टीकरण कार्मिक कोषांग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।




