



प्रिंस खान गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संगठित अपराधकर्मी गिरफ्तार

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान गिरोह से जुड़े एक अपराधकर्मी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त दिलीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपित के खिलाफ गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को अग्रतर कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संगठित अपराध, आपराधिक षड्यंत्र, हथियार और विस्फोटक पदार्थ से जुड़े गंभीर आरोप हैं। आरोपित दिलीप भूली ओपी क्षेत्र के बारामुड़ी, लिटिल फ्लावर स्कूल के समीप का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिंस खान गिरोह से जुड़ा हुआ है और उक्त कांड में उसकी सक्रिय संलिप्तता पाई गई है।
पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ भी की गई, जिसके आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
धनबाद पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



