
प्रभातम मॉल बना राजनीतिक रंजिश का अखाड़ा, ढुलू-रणविजय समर्थकों में टकराव के बाद लाठीचार्ज
दोनों ओर से आधा दर्जन युवक हिरासत में
डीजे न्यूज, बरवाअड्डा (धनबाद) : बरवाअड्डा स्थित प्रभातम मॉल शुक्रवार को धनबाद सांसद ढुलू महतो व कांग्रेस नेता रणविजय सिंह के समर्थकों के बीच राजनीतिक रंजिश का मैदान बन गया। करीब एक सप्ताह पूर्व वाहन पीछे करने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है। इस विवाद में दोनों पक्षों के बीच तीखी सोशल मीडिया टिप्पणियों के बाद शुक्रवार को मामला बेकाबू हो गया।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर हुई अभद्र चैटिंग के बाद रणविजय सिंह के समर्थक ने शाम 4 बजे प्रभातम मॉल में आमने-सामने होने की चुनौती दी थी। परिणामस्वरूप, सांसद समर्थक प्रेम महतो के नेतृत्व में सैकड़ों युवक मॉल के बाहर जुट गए और नारेबाजी शुरू कर दी। रणविजय समर्थकों की ओर से भी प्रतिक्रिया स्वरूप युवक उनके आवास से मॉल की ओर बढ़ने लगे।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उनके सामने ही दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। प्रभातम मॉल का गेट बंद कर दिया गया और धनबाद-बरवाअड्डा मार्ग पर अफरातफरी मच गई। पुलिस शुरू में बेबस नजर आई। सांसद समर्थकों ने रणविजय समर्थकों को पीछे हटने को बाध्य कर दिया। इसके बाद सांसद समर्थकों ने जश्न मनाते हुए नारे लगाए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए धनबाद थाना प्रभारी आरएन ठाकुर ने पुलिस बल के साथ लाठीचार्ज कर ढुलू समर्थकों को खदेड़ा। प्रेम महतो, शेरू सहित कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, डीएसपी मुख्यालय वन शंकर कामती, बरवाअड्डा थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि सहित बड़ी संख्या में पुलिसबल मौके पर तैनात किया गया। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस सोशल मीडिया चैटिंग व वायरल वीडियो की जांच में जुट गई है। प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार नजर बनाए हुए है।