
प्रभादित्य फ्यूल्स रेंघा टुंडी में लगा कांवरिया सेवा शिविर
सुंदर कांड पाठ के साथ कांवरियों की सेवा शुरू
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : धनबाद-गिरिडीह सड़क मार्ग पर रेंघा(मंझिलाडीह-लाला टोला के बीच) टुंडी स्थित प्रभादित्य फ्यूल्स में श्रावणी मेले को लेकर निश्शुल्क कांवरिया सेवा शिविर लगा है। इस शिविर का उदघाटन रविवार को धनबाद के प्रसिद्ध अधिवक्ता देवीशरण सिन्हा ने किया।
पूरे एक महीने तक चलने वाले इस शिविर में कांवरियों की सेवा की जाएगी। कंपनी के कर्मियों के अलावा आसपास के गांवों के युवक भी कांवरियों की निश्शुल्क सेवा करेंगे। कांवरियों के विश्राम के लिए भी यहां व्यवस्था की गई है। उदघाटन के साथ ही यहां दो दिवसीय सुंदर कांड पाठ भी शुरू हुआ। इसके पूर्व वहां अधिवक्ता देवी शरण सिन्हा की माता चंद्रप्रभा देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बड़ी संख्या में आसपास के लोग इस मौके पर मौजूद थे।