


प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला : सुदिव्य सोनू

बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल में बाल वाटिका (ईईडीपी) का मंत्री ने किया उद्घाटन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल में सोमवार को बाल वाटिका (ईईडीपी) का विधिवत उद्घाटन नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने फीता काटकर किया। मंत्री के आगमन पर विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने पुष्प गुच्छ एवं शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएवी के वैदिक परंपरा के अनुरूप हवन यज्ञ के साथ किया गया। इसमें मंत्री, प्राचार्य शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपनी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ब्लेसिंग सेरमनी का भी आयोजन किया गया था। मौके पर मंत्री सुदिव्य ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
इस दौरान दमंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला होती है। छात्र रूपी कच्चे घड़े को शिक्षक रूपी गुरु आकार देने का कार्य करता है। बाल वाटिका के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में संस्कार युक्त एवं पूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी, जो उनके भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस शैक्षणिक पहल के लिए शुभकामनाएं दी और विद्यालय के इंफ्रास्ट्रक्चर की भूरी-भूरी प्रशंसा की। विद्यालय प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विद्यालय का लक्ष्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि सुरक्षित और आनंददायक वातावरण में बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। बाल वाटिका इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आगे कहा कि डिजिटल शिक्षा एवं शीघ्र ही पूरा बाल वाटिका सेक्शन वातानुकूलित करने के लिए हम प्रयासरत हैं। विद्यालय में सभी कक्षाओं के प्रवेश हेतु आवेदन पत्र (एडमिशन फॉर्म) नर्सरी से कक्षा 9 एवं कक्षा 11 के लिए बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल, ब्लॉक रोड सिरसिया में ही मिलेंगे। मौके पर प्रिंसिपल जज गिरिडीह धनंजय कुमार, डॉ विकास लाल, राजू खान एवं विशिष्ट गणमान्य अतिथि शिक्षकगण एवं भारी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे।




