पूर्वी टुंडी में असामाजिक तत्वों ने किया बाबा साहेब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, लोगों में आक्रोश
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद :
पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के अम्बेडकर क्लब लटानी में स्थापित बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। प्रतिमा पर छेड़छाड़ की गई और ईंट व पत्थर से तोड़ने की कोशिश की गई है। इस घटना से स्थानीय लोगों और क्लब के सदस्यों में भारी आक्रोश और निराशा व्याप्त है।
लटानी पंचायत के मुखिया मो ऐनुल हक ने कहा कि यह संविधान और लोकतंत्र के हमले के साथ-साथ महापुरुष के प्रति आदर का अपमान है। पूर्वी टुंडी अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल और थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने क्लब परिसर में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था करवाने का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ताकि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। अम्बेडकर क्लब के सदस्यों ने प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।