
पूर्व सांसद एके राय की प्रतिमा का अनावरण 15 जून को, दीपाकंर भट्टाचार्य मजदूर संघर्ष यात्रा का शुभारंभ करेंगे
डीजे न्यूज, धनबाद:
झारखंड के जनप्रिय मजदूर नेता, पूर्व सांसद और वामपंथी आंदोलन के ऐतिहासिक प्रतीक कामरेड एके राय की प्रतिमा का अनावरण 15 जून को धनबाद हॉस्पिटल गेट पर किया जाएगा।
यह अनावरण भाकपा (माले) के महासचिव कामरेड दीपांकर भट्टाचार्य और पोलित ब्यूरो सदस्य सह पूर्व विधायक आनंद महतो के हाथों संपन्न होगा।
यह जानकारी भाकपा माले पोलित ब्यूरो के सदस्य हलधर महतो ने दी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक मूर्ति अनावरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड में मजदूरों के संघर्ष, वामपंथी राजनीति और सामाजिक न्याय की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास है। एके
राय जैसे नेता जिन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड के कोयला क्षेत्र, कारखानों, विस्थापितों और खेतिहर मजदूरों के हक की लड़ाई को समर्पित किया, आज भी श्रमिक वर्ग के लिए प्रेरणा हैं।
मजदूर संघर्ष संदेश यात्रा का शुभारंभ
इस मौके पर भाकपा (माले) झारखंड राज्य कमिटी द्वारा 15 जून से 5 जुलाई तक ‘मजदूर संघर्ष संदेश यात्रा’ का भी शुभारंभ किया जा रहा है। यात्रा को महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा झारखंड के प्रमुख मजदूर क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए श्रमिकों से संवाद करेगी और उनके अधिकारों के सवालों को केंद्र तक ले जाएगी।
यात्रा का उद्देश्य
चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, सरकारी व सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक लगाने, मजदूरी की सुरक्षा की गारंटी, काम के घंटे कम करने व सुविधा की बहाली और खतरनाक कार्यस्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसी अहम मांगों को लेकर यह यात्रा चलायी जाएगी।
भाकपा (माले) का मानना है कि मौजूदा सरकार द्वारा श्रम कानूनों को खत्म कर मजदूरों के अधिकारों को छीना जा रहा है। निजीकरण, ठेका प्रथा और न्यूनतम वेतन तक न मिलने की स्थिति ने मजदूरों की ज़िंदगी को और बदतर बना दिया है। इसी के खिलाफ यह यात्रा एक जनआंदोलन की शुरुआत है।
यात्रा में ये रहेंगे शामिल
इस यात्रा में पार्टी के केंद्रीय समिति, राज्य कमिटी और जिला कमिटी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। मुख्य रूप से आनंद महतो, हलधर महतो, अरूप चटर्जी, विनोद सिंह, चंद्रदेव महतो, आरडी माझी, राजकुमार यादव आदि नेतागण अलग-अलग क्षेत्रों में मजदूरों के साथ संवाद करेंगे।
गोविंदपुर से शुरू, रामगढ़ में खत्म
यह यात्रा गोविंदपुर, बलियापुर, सिंदरी, निरसा, झरिया, धनबाद, बाघमारा, बोकारो, चंद्रपुरा, बेरमो, गोमिया, बोकारो थर्मल, चास, चंदनकियारी होते हुए हजारीबाग और रामगढ़ तक पहुंचेगी। झारखंड के श्रमिक क्षेत्रों में यह यात्रा जायेगी।