



पिता के लिए भोजन लेकर जा रहे बालक की पिकअप से कुचलकर मौत, आक्रोशितों ने किया सड़क जाम
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : मंगलवार की दोपहर लगभग दो बजे सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर बागोडीह चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सरिया थाना क्षेत्र के कावड़िया टोला निवासी अशोक सोनार का पुत्र अंकित सोनार अपने पिता के लिए खाना लेकर सरिया के चंद्रमारानी स्थित एक बाइक गैरेज जा रहा था। इसी दौरान सरिया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सरिया के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। लेकिन धनबाद ले जाने के क्रम में रास्ते में ही अंकित ने दम तोड़ दिया।
बालक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शाम करीब चार बजे बागोडीह मोड़ के पास शव के साथ सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

वहीं, हादसे के बाद पिकअप वाहन को मौके पर ही छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।



