



पिस्टल देखने के दौरान दबा ट्रिगर, युवक को पेट में लगी गोली 
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव में सोमवार शाम करीब पांच से छह बजे के बीच लापरवाही में पिस्टल का ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई, जिससे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जाम्बद निवासी 38 वर्षीय टिंकू मारिक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार टिंकू मारिक अपने साथ पिस्टल लेकर झरघट्टा गांव के एक घर में गया था। वहां पार्टी भी चली थी। इसी दौरान उसने वहां मौजूद लोगों को अपना पिस्टल दिखाना शुरू किया।
बताया जाता है कि पिस्टल को देखने के क्रम में एक अन्य व्यक्ति ने उसे हाथ में लिया और इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया, जिससे गोली चल गई। गोली सीधे टिंकू मारिक के पेट में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जबकि आरोपित व्यक्ति वहां से फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह एवं मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।



